अहमदाबाद: कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज करने की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव के मौके पर फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या रखने का ऐलान किया था। अब नाम बदलने के इस क्रम में गुजरात सरकार भी शामिल होने जा रही है। राज्य की बीजेपी सरकार अहमदाबाद शहर के नाम बदलने पर विचार कर रही है।

 गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हम अहमदाबाद का नाम कर्णावती करने के बारे में लंबे समय से कानूनी दृष्टि से विचार कर रहे हैं। सभी कानूनी पहुलुओं पर विचार करके अगला कदम उठाया जाएगा। हम तब से इस बारे में सोच रहे हैं, जब हम सत्ता में आए थे।' इससे पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने गांधीनगर में मीडिया से बात करते हुए कहा था भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार अहमदाबाद का नाम बदलने के लिए तैयार है अगर वह कानूनी बाधाओं को पार कर लेती है और आवश्यक समर्थन हासिल कर लेती है।

पटेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘लोगों में अब भी ऐसी भावना है कि अहमदाबाद का नाम कर्णावती किया जाना चाहिए। कानूनी बाधाओं को पार करने में अगर हमें आवश्यक समर्थन मिलता है तो हम महानगर का नाम बदलने के लिए हमेशा तैयार हैं।’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ही 'दीपोत्सव' समारोह में कुछ बड़ी घोषणाएं की थीं। मुख्यमंत्री ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या करने की घोषणा करने के अलावा अयोध्या में एक मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट बनाने की भी घोषणा की। एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के नाम पर और मेडिकल कॉलेज का नाम राजा दशरथ के नाम पर होगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours