नई दिल्ली: यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी 11 अप्रैल को रायबरेली में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 10 अप्रैल को अमेठी में नामांकन दाखिल करेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों मौकों पर मौजूद रहेंगी। अमेठी और रायबरेली में पांचवें चरण में 6 मई को वोटिंग होगी। राहुल गांधी ने गुरुवार को केरल के वायनाड में नामांकन भरा। राहुल गांधी इस बार 2 सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
1999 में सोनिया गांधी बेल्लारी, कर्नाटक और अमेठी, उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ीं। उन्होंने दोनों सीटें जीतीं, लेकिन अमेठी को प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना। बेल्लारी में उन्होंने भाजपा की अनुभवी नेता सुषमा स्वराज को हराया था। 2004 के लोकसभा चुनाव में वह रायबरेली से फिर से चुनी गईं। इसके बाद 2009 और 2014 में फिर से वो रायबरेली से सांसद चुनी गईं।
वहीं राहुल गांधी ने अमेठी से 2004, 2009 और 2014 में जीत दर्ज की। ये पहला मौका है जब राहुल गांधी दो जगह से चुनाव लड़ रहे हैं। अमेठी से उन्हें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से कड़ी चुनौती मिल रही है।
राहुल गांधी की संपत्ति 15.88 करोड़ रुपए से अधिक है। यह जानकारी उन्होंने वायनाड में नामांकन पत्र भरने के दौरान दिए गए हलफनामे में दी। 2014 के चुनावों में उन्होंने कुल संपत्ति 9.4 करोड़ रुपये घोषित की थी। हलफनामा दिखाता है कि राहुल गांधी के पास कार नहीं है और विभिन्न बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की उन पर 72 लाख रुपए की देनदारी है। उन्होंने घोषणा की है कि उनके खिलाफ पांच मामले लंबित हैं। कांग्रेस प्रमुख के पास 40 हजार रुपए नकदी है, विभिन्न बैंकों में उनके 17.93 लाख रुपये जमा हैं। गांधी ने 5.19 करोड़ रुपये विभिन्न कंपनियों के बांड, डिबेंचर और शेयरों में लगा रखे हैं। उनके पास 333.3 ग्राम सोना भी है।
दिल्ली के सुल्तानपुर गांव में उनके पास पैतृक खेती भी है। हलफनामे में दिखाया गया है कि गांधी के पास गुरुग्राम में दो कार्यालय हैं। कांग्रेस प्रमुख ने कहा है कि उन्होंने 1995 में कैंब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनीटी कॉलेज से एम. फिल (डेवलपमेंट स्टडीज) किया है। हलफनामे में बताया गया है कि राहुल गांधी के पास कार नहीं है और एसपीजी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उन्हें एसपीजी के वाहन में घूमना पड़ता है।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours