नई दिल्ली। साल 2020 का दूसरा चंद्रग्रहण शुक्रवार को लगेगा। हालांकि यह एक आंशिक उपच्छाया चंद्रग्रहण होगा। चूंकि माह जून की पूर्णिमा को स्ट्रॉबेरी मून भी कहा जाता है। इस कारण ये चन्द्र ग्रहण स्ट्रॉबेरी चंद्रग्रहण कहलाएगा।

इंदिरागांधी नक्षत्रशाला के वैज्ञानिक अधिकारी सुमित श्रीवास्तव ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपच्छायी चंद्रग्रहण पांच जून की रात 11.15 पर शुरू होगा। जो कि देर रात यानि 6 जून को 2 बजकर 34 मिनट तक लगा रहेगा। यह चन्द्र ग्रहण कुल 3 घंटे 18 मिनट तक चलता रहेगा। इस चन्द्र ग्रहण का अधिकतम फेस रात में 12.54 पर होगा। शहरवासी चंद्रग्रहण को नंगी आंखों से देख सकते हैं। इससे कोई नुकसान नहीं होता है।

उपच्छायी चंद्रग्रहण को नंगी आंखों देखने पर चन्द्र ग्रहण के आरंभ और अंत को नहीं समझा जा सकता है। लेकिन जब चन्द्रमा पूर्ण रूप से पृथ्वी की उप छाया में आ जाएगा, तब हम चन्द्रमा के प्रकाश में आए हुए अंतर को आसानी से देख पाएंगे। इस चंद्रग्रहण को देखने के लिए 12.30 से 1.30 बजे तक का समय उत्तम है।

चंद्र ग्रहण को लखनऊ समेत पूरे भारत में देखा जा सकेगा। इसके अलावा अधिकांश एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, साउथ अमेरिका के देशों समेत प्रशांत महासागर, अटलांटिक व हिन्द महासागर और अंटार्टिका में देखा जा सकेगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours