लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में 16 जिलों की 14 लोकसभा सीट के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। मॉक पोल के बाद 14 लोकसभा क्षेत्र में मतदान शुरू हो गया है। 

गृह मंत्री तथा लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने गोमतीनगर में स्कॉलर्स होम स्कूल में आज सुबह 7:30 बजे मतदान किया। मतदान केंद्र से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार जीत का अंतर पहले से बेहतर रहेगा। भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। सभी लोग मताधिकार का प्रयोग करें, यह लोकतंत्र के हित में है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपनी पत्नी, दोनों पुत्र तथा पुत्रवधू के साथ मतदान करने पहुंचे।नोएडा से विधायक पंकज सिंह ने कहा, इस बार 412 का टारगेट है। पहले मतदान फिर जलपान का नारा देते हुए उन्होंने कहा कि जीत का अंतर लखनऊ में पिछली बार से ज्यादा होगा, क्योकि राजनाथ सिंह ने काफी काम कराया है।

पांचवें चरण में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज और गोंडा संसदीय क्षेत्रों में चुनाव होगा। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। 2014 में भाजपा ने 14 में से 12 सीट पर जीत दर्ज की थी। गठबंधन से 14 में से सात सीट पर समाजवादी पार्टी व पांच पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी मैदान में हैं। गठबंधन ने अमेठी व रायबरेली में कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। 

पांचवें चरण में करीब 2.51 करोड़ मतदाता 182 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर मतदान का औसत 56.92 फीसद था। पांचवां चरण बेहद महत्वपूर्ण है। इस चरण में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours