हैदराबाद: भारतीय क्रिकेट टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियन्स को चौथी बार आईपीएल चैंपियन का खिताब दिलाकर अपनी नेतृत्व क्षमता को लोहा मनवाया है। हैदराबाद में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में हार जीत का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 149 रन बनाकर धोनी के धुरंधरों के सामने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य रखा था। लेकिन सीएसके की टीम अंतिम गेंद पर 2 रन नहीं बना सकी और मुंबई ने महज एक रन के अंतर से खिताब अपने नाम कर लिया। 
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियन्स का ये चौथा खिताब है। इससे पहले मुंबई ने साल 2013, 2015 और 2017 में रोहित की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स को हराकर खिताबी हैट्रिक पूरी की थी। रविवार को एक बार फिर मुंबई पलटन ने चेन्नई के सुपर किंग्स को मात देकर खिताबी चौका जड़ दिया। इस तरह तीन खिताब जीतने वाली चेन्नई को पछाड़कर आईपीएल के 12 साल लंबे इतिहास की सबसे सफल टीम भी बन गई। 
भले ही मुंबई का ये चौथा खिताब है लेकिन रोहित शर्मा ने बतौर खिलाड़ी पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। वो आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने साल 2009 में पहला आईपीएल खिताब बतौर खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स के लिए जीता था। 2008 से 2010 तक वो इस टीम के सदस्य थे लेकिन इसके बाद साल 2011 में मुंबई ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। 2013 में पहली बार रोहित के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई। इसी साल रोहित ने धमाका करते हुए टीम को पहली बार आईपीएल चैंपियन बना दिया।
इस खिताबी जीत से पहले रोहित शर्मा अंबाती रायुडू के साथ सबसे ज्यादा आईपीएल खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में साझा रूप से पहले पायदान पर थे। रायुडू ने तीन खिताब मुंबई के साथ( 2013, 2015, 2017) और एक खिताब(2018) चेन्नई के साथ जीता था। ऐसे में अब हिटमैन सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची की सिरमौर बन गए हैं। 
सबसे ज्यादा आईपीएल खिताब जीतने वाले खिलाड़ी 
5     रोहित शर्मा 
4     अंबाती रायुडू, कीरॉन पोलार्ड, लसिथ मलिंगा
3     एमएस धोनी, सुरेश रैना, यूसुफ पठान, हार्दिक पांड्या 
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours