नई दिल्ली: युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत ने शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 53 रन की नाबाद पारी खेली और आखिरी लीग मैच में टीम की 5 विकेट से जीत में अहम भूमिका अदा की। पंत ने अपनी इस ताबड़तोड़ पारी में 38 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 2 चौके और 5 छक्के जड़े। अपनी इस पारी के साथ पंत नजफगढ़ के नवाब वीरेंद्र सहवाग का दिल्ली के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम कर लिया। 
आईपीएल में चौथा सीजन खेल रहे रिषभ पंत के 52 मैचों में 88 छक्के हो गए हैं। जैसे ही राजस्थान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी का तीसरा छक्का पंत ने जड़ा सहवाग का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया। सहवाग ने दिल्ली के लिए आईपीएल में 86 छक्के जड़े थे। पंत ने उनके रिकॉर्ड को महज चौथा सीजन खेलते हुए तोड़ दिया। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे पायदान पर मौजूदा कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। अय्यर ने दिल्ली के लिए खेलते हुए 67 छक्के जड़े हैं।  
आईपीएल 12 में रिषभ पंत का बल्ला उस रंग में नहीं दिखा जिसके लिए वो जाने जाते हैं। 2019 में दिल्ली के लिए लीग चरण में उन्होंने सभी 14 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 36.45 की औसत और 157.87 के स्ट्राइक रेट से 401 रन बनाए।  और 33 चौके और 21 छक्के जड़े। तीन बार वह अर्धशतक बनाने में सफल हुए। साल 2018 में उनका बल्ला जमकर गरजा था और लीग चरण के 14 मैचों में उन्होंने  52.61 की औसत और 173.60 के स्ट्राइक रेट से 684 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और पांच अर्धशतक जड़े थे। आईपीएल 11 में पंत ने 37 छक्के और 68 चौके जड़े थे। इस बार के 21 छक्के उसकी तुलना में बेहद कम हैं।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours