मुंबई। जाको राखे साईयां मार सके न कोय, जी हां कुछ ऐसा ही हुआ 25 वर्षीय इस गर्भवती महिला के साथ। 800 फुट गहरी खाई में गिरने के बाद भी इस महिला को बचा लिया गया। दरअसल ये महिला रेल पटरी के किनारे-किनारे चल रही थी और अचानक नियंत्रण खोने से गहरी खाई में जा गिरी और झाडिय़ों में जाकर फंस गई।
एक स्थानीय बचाव दल ने उसे वहां से निकालकर पास के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। बाद में महिला को मुंबई में जेजे अस्पताल में ले जाया गया। महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला की पीठ पर चोट लगी, लेकिन बच्चा सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि जब महिला को अस्पताल ले जाया गया था, तब उसने कहा था कि उसके पति ने उसे घाटी में धकेल दिया था। हालांकि, जेजे अस्पताल पहुंचने पर उसने डॉक्टरों से कहा कि यह एक दुर्घटना थी। पुलिस के मुताबिक, चर्चगेट के रहने वाली विजया और सुरेश पवार (33) ने करीब नौ महीने पहले ही शादी की थी। उन दोनों की पहले भी शादियां हो चुकी थी और पूर्व पार्टनर्स से दोनों को संतानें भी हैं। रविवार को वे दोनों माथेरन में गणपति मंदिर का दर्शन करने गए थे।
नेरल पुलिस स्टेशन से पुलिस उप-निरीक्षक शिवाजी ढवले ने कहा कि मंदिर पहाड़ी इलाके में कुछ ऊंचाई पर है। वहां पहुंचने के लिए वे दोनों रेल की पटरियों पर चल रहे थे, तभी महिला वहां से गिर गई। एक स्थानीय व्यक्ति ने करीब 2.15 बजे फोन करके घटना के बारे में जानकारी दी। स्थानीय बचाव दल की मदद से महिला को बचा लिया गया।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours