नई दिल्ली I भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि देश को आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत करने के लिए पांच साल का वक्त पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव ही 2019 के लोकसभा चुनाव की नींव होगी। विधानसभा चुनाव जीतने के साथ ही हमें 2019 के लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी।

शाह सोमवार को मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के बूथ कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी अमित शाह की मन की बात को सुना। भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हर व्यक्ति के घर में 21 नवंबर को दीया जलाकर दीपावली मनाएं। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं को हर घर में झंडा लगाना है और ‘मेरा घर भाजपा का घर’ चुनाव अभियान चलाना है।

शाह ने कहा कि हमारे लिए सिर्फ जीत लक्ष्य नहीं है। जीत का बड़ा अंतर लक्ष्य होगा। कार्यकर्ताओं को हर पल पार्टी और प्रदेश की जनता की भलाई के लिए काम करना होगा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से नक्सलवाद और माओवाद पर रुख स्पष्ट करने की मांग भी की। उन्होंने शिवराज सरकार के विकास कार्यों को गिनाया और कहा कि शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों के लिए 28 नवंबर को मतदान होगा और 11 दिसंबर को चुनाव परिणाम आएंगे। 
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours