लंदन: महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को बांग्‍लादेशी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए दूसरे अभ्‍यास मैच में तेजतर्रार शतक जमाया और टीम इंडिया को विशाल स्‍कोर तक पहुंचाया। कार्डिफ में खेले गए मुकाबले में धोनी शानदार लय में नजर आए और उन्‍होंने 73 गेंदों में शतक पूरा किया। 37 वर्षीय धोनी ने छक्‍का जमाकर अपना सैकड़ा पूरा किया, जिसे देख कोहली भी अपने पूर्व कप्‍तान के कायल हो गए। टीम इंडिया के कप्‍तान विराट कोहली ने धोनी के शतक पूरा करने पर शानदार रिएक्‍शन दिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। धोनी के शतक का जश्‍न पूरी भारतीय टीम ने बनाया।
पता हो कि न्‍यूजीलैंड के खिलाफ पहले अभ्‍यास मैच में भारतीय बल्‍लेबाजी बुरी तरह बिखर गई थी। इसके बाद बांग्‍लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने काफी सुधार करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि, भारतीय ओपनर्स शिखर धवन (1) और रोहित शर्मा (19) एक बार फिर नाकाम रहे, लेकिन केएल राहुल (108) ने एमएस धोनी (113) के साथ मिलकर टीम इंडिया को 359/7 के विशाल स्‍कोर तक पहुंचाने में मदद की।
राहुल ने वैसे कप्‍तान विराट कोहली (47) के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी भी की थी। इसके बाद धोनी-राहुल ने 164 रन जोड़े। राहुल ने भी शतक जमाकर चौथे क्रम के लिए अपना दावा ठोका है। हालांकि, धोनी ने शतक जमाकर सुर्खियां बटोरी। 99 रन पर पहुंचकर धोनी ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर छक्‍का जमाया और शतक पूरा किया। कोहली ने पवेलियन में धोनी के छक्‍के पर शानदार रिएक्‍शन दिए और माही के सैकड़े का जश्‍न मनाया।
वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही धोनी ने हवाई फायर किया, तो कोहली अपनी जगह पर बैठकर चिल्‍लाते हुए धोनी का हौसला बढ़ाने लगे। धोनी ने भी बल्‍ला उठाकर शतक पूरा करने का जश्‍न मनाया और स्‍टेडियम में मौजूद दर्शकों का अभिवादन स्‍वीकारा। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्‍होंने आईपीएल में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की तरफ से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया अब विश्‍व कप में अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours