मुंबई: महाराष्ट्र चुनाव का अभियान खत्म होने में अब महज कुछ ही घंटों का समय बचा है ऐसे में राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता लगातार चुनावी जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को आकर्षित करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी शुक्रवार शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और एनसीपी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, 'मुंबई को अवसरों की भूमि के रूप में देखा जाता है। जो भी यहां आया है, यहां से बहुत कुछ पाया है। ये इस धरती की महानता है। मुंबई में बेहतरीन ह्यूमन कैपिटल है, इनोवेटिव वेंचर कैपिटल है और मुंबई भारत की मजबूत फाइनैंशल कैपिटल भी है।'
फणनवीस सरकार की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'महायुति ने 5 साल का कार्यकाल यशस्वी रूप से पूरा करने वाला मुख्यमंत्री दिया है, और ये भी करीब-करीब 50 साल बाद हुआ है। इसके पहले 50 साल तक किसी को भी 5 साल महाराष्ट्र की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त नहीं हुआ। आपने महाराष्ट्र में कई भ्रष्ट सरकारों को भी देखा है और अब भरोसेमंद सरकार का भी दौर देख रहे हो। इन भ्रष्ट सरकार के तरीके भी भ्रष्टतम रहे। रियोजनाओं को लटकाकर उनसे पैसा निचोड़ा, मुद्दा बनाकर लोगों को भरमाया। वहीं ईमानदार और भरोसेमंद फडणवीस सरकार महाराष्ट्र के विकास को गति दे रही है ताकि आपलोगों को सुविधाएं जल्द से जल्द मिले।'
कांग्रेस पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा, 'कांग्रेस ने जो सरकारें इस देश में चलाईं, उनकी सोच जनता को कंट्रोल करने की रही, जनता को सरकारों पर आश्रित करने की रही। जबकि भाजपा-महायुति की राजनीति के मूल में जन भागीदारी है, जन सशक्तिकरण है। हमी हैं जिन्होंने एंजल टैक्स खत्म किया है। एक वो भी थे, जिन्होंने एंजल टैक्स लगाया था।  एक हम हैं जो, भारत में कॉरर्पोरेट टैक्स को दुनिया के अनुकूल बना रहे हैं। एक वो भी थे, जिन्होंने दुनिया की सबसे महंगी कॉरर्पोरेट टैक्स रिजीम भारत में बनाई।'
नाम लिए बगैर चिदंबरम के जरिए बोला हमला
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम का नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, '10 साल तक जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बैंकिंग व्यवस्था को बर्बाद किया है उनमें से आज कोई तिहाड़ में है, तो कोई मुंबई की जेल में। अभी तो ये सफाई अभियान की शुरुआत है, आगे और तेज काम होने वाला है। मुंबई में मेट्रो बनाने का प्रस्ताव 1997 में रखा गया था, लेकिन मुंबई मेट्रो की नींव 2006 में रखी गई। और वर्ष 2013-14 तक केवल एक सिंगल लाइन खोली गई, 16 साल में सिर्फ 11 किलोमीटर। अरे ऐसी चाल से वाकई कछुआ भी शरमा जाए नवी मुंबई में हवाई अड्डा बनाने की योजना पर बात 1997 में शुरू की गई थी। लेकिन ये प्रोजेक्ट भी लटक गया। केंद्र और राज्य में महायुती की सरकारों के प्रयास के कारण, ये प्रोजेक्ट अब जमीन पर उतर रहा है'
आतंकियों का द्वार बन गया था मुंबई
प्रधानमंत्री ने कहा, 'एक समय था जब मुंबई में बम धमाके और आतंकी हमले कभी भी हो जाया करते थे। मुंबई के समुद्र तट जो बिजनेस के आउटलेट थे, वो आतंकियों का प्रवेश द्वार बन गए थे। मैं आपको बताता हूं- अब आतंक को पालने वाले जानते हैं कि अगर कोई गलती की, तो उसकी पूरी सजो मिलेगी। हमारे लिए दल से बड़ा है देश। राजनीति हम लोगों के लिए राष्ट्रसेवा का माध्यम है। हम तो भाजपा वाले हैं, मुंबई के साथ हमारा गर्भ का संदर्भ है।'
सर्जिकल स्ट्राइक और 370 का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट ये सिर्फ दो-तीन शब्द नहीं हैं बल्कि ये भाजपा और उसके सहयोगियों की रीति-नीति की पहचान भी हैं। उन्होंने कहा, 'मुंबई में आतंकी हमले होते थे, तो उस समय कांग्रेस और उसके साथियों की सरकार ने क्या किया था? बम धमाकों की हर जांच इशारा करती थी कि आतंकी हमला सीमा पार बैठे मास्टरमाइंड और आतंक के आकाओं ने करवाया।  आतंकी संगठन खुद आगे आकर हमलों की जिम्मेदारी लेते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, 'ये वही लोग हैं जो दशकों तक आर्टिकल 370 और 35A को पाले हुए थे। इसकी वजह से घाटी में आतंकवाद बढ़ता गया, भ्रष्टाचार बढ़ता गया। अनेक लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया लेकिन कांग्रेस और उसके जैसे अपनी स्वार्थ भरी राजनीति करते रहे हमने 370 और 35A हटाया लेकिन इन लोगों को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के साथ एकजुटता से खड़े रहने के बजाय ये हमारे विरोधियों की भाषा बोलते है। जिन लोगों ने हमारे अपने लोगों को मारा वो भाग निकले और उसकी वजह अब सामने आ रही हैं। ये लोग दोषियों को पकड़ने के बजाय मिर्ची का व्यवसाय कर रहे हैं।  कभी मिर्ची का व्यवसाय, कभी मिर्ची से व्यवसाय।'
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours